निगम प्रशासन की कार्रवाई, किराया जमा नहीं करने पर 2 दुकानें सील,20 दुकानदारों को नोटिस

0
1002424797.jpg

Samna.in-Raigarh – निगम प्रशासन द्वारा बड़े बकायादारों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है,जिसमें सदर बाजार पुराना हटरी के दो दुकानों को सील किया गया।

पुराना हटरी पर निगम की दुकानें हैं, जिसमें सालों से दुकान संचालन हो रहा है। इसमें ऐसे भी दुकान संचालक हैं, जिन्होंने वर्षों से दुकान किराया जमा नहीं किया है। निगम कमिश्नर  बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी दुकानदारों से दुकान किराया जमा लेने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बड़े बकायादार दुकान संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। नोटिस में दिए गए समय पर किराया जमा नहीं करने पर सील की कार्रवाई करने की बात कही गई थी।

इसके बाद भी किराया जमा नहीं करने पर  दुकान क्रमांक 58 एवं 63 दुकान को सील किया गया। उक्त दोनों दुकान कीमतमल के नाम से दर्ज है। दोनों दुकानों पर क्रमशः 149336 रुपए एवं दूसरे दुकान पर भी 1 लाख रुपए से ज्यादा बकाया है। किराया जमा नहीं करने पर उक्त दोनों दुकान को निगम की राजस्व टीम द्वारा सील कर दिया गया।

इसी तरह दुकान संचालक गुरमुखदास एवं हसमतराय दोनों को किराया जमा करने के लिए समय दिया गया। दोनों के नाम पर 4-4 दुकानें दर्ज है एवं 2 लाख 40 हजार रुपए से ज्यादा बकाया है। सील की कार्यवाही के दौरान दो दुकान संचालक ने एक लाख 70 हजार रुपए जमा किए।

पुराना हटरी के ऐसे 20 बड़े बकायादार को नोटिस जारी कर किराया जल्द जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। दिए गए समय पर किराया जमा नहीं करने पर सील की कार्यवाही की जाएगी।

अवकाश के दिन भी लिया जाएगा  टैक्स व किराया

जारी वित्तीय वर्ष का आखिरी दिन 31 मार्च सोमवार को पड़ रहा है। इससे पहले रविवार है। सोमवार को ईद की छुट्टी है, लेकिन उक्त दोनों अवकाश के दिन भी राजस्व विभाग की टीम द्वारा सभी प्रकार के टैक्स एवं दुकान किराया निगम कार्यालय में जमा लिया जाएगा।

बड़े बकायेदारों से राजस्व विभाग की टीम द्वारा लगातार संपर्क किया जा रहा है। उनसे टैक्स जमा करने का आग्रह भी किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा शहर वासियों से समय पर जलकर, संपत्ति कर, समेकित कर, यूजर चार्ज एवं दुकान किराया जमा करने और अतिरिक्त अधिभार एवं कुर्की और सील की कार्यवाही से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *