मुख्यमंत्री ने किया रायगढ़, जशपुर सहित प्रदेश के 8 नए साइबर पुलिस थानों का वर्चुअल उद्घाटन

0
IMG-20260128-WA0728.jpg

Samna.in  मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने प्रदेश के 8 नवीन साइबर पुलिस थानों का वर्चुअल उद्घाटन किया,जिसमें रायगढ़ जिला भी शामिल है। इस अवसर पर पुलिस हाउसिंग बोर्ड अंतर्गत महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भी वर्चुअली लोकार्पण किया गया।

रायगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रिबन काटकर साइबर थाने का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा रोजनामचा दर्ज कर साइबर थाना संचालन का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में पूर्व से संचालित साइबर सेल का उन्नयन कर साइबर थाना स्थापित किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान की नियुक्ति के साथ 16 प्रशिक्षित स्टाफ पदस्थ किए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड एवं डिजिटल अपराध वर्तमान समय की गंभीर चुनौती बन चुके हैं, ऐसे में साइबर थाना स्थापित होने से अपराधों की विवेचना में तेजी आएगी तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत एवं न्याय मिल सकेगा।    

पुलिस विभाग को  पुलिस आवासीय भवनों की मिली सौगात

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने रायपुर से वर्चुअली जुड़कर विभिन्न जिलों मे 255 करोड़ रुपए की लागत से तैयार पुलिस आवासीय भवनों तथा थाना भवनों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पुलिस के जवानों को इस विशेष पहल के लिए शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि  प्रेजेंटेशन के माध्यम से हमने देखा कि साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवन अत्यंत सुंदर और सुविधाजनक बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए संबंधित एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और वे अपने कर्तव्यों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अनेक स्थानों पर साइबर पुलिस थानों की शुरुआत की जा रही है। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव जिलों सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है। इससे पूर्व प्रदेश के पांच जिलों में साइबर थाना संचालित हैं। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी के कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी तथा आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया। गृहमंत्री शर्मा ने 255 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए इन निर्माण कार्यों एवं 8 नए साइबर थानों की स्वीकृति और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *