रायगढ़ में 22 जुलाई को लगेगा निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर

0
IMG_20260720_173102

Oplus_131072

मैमोग्राफी,पेप स्मीयर और मुख कैंसर स्क्रीनिंग सहित कई जांचें होंगी निःशुल्क

Samna.in.Raigarh कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा रायगढ़ जिले में 22 जुलाई को निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में किरोड़ीमल शासकीय जिला अस्पताल, रायगढ़ में आयोजित इस शिविर का संचालन जिला अस्पताल एवं बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।

शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।
           शिविर में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए विभिन्न प्रकार की आधुनिक कैंसर स्क्रीनिंग सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें स्तन कैंसर की मैमोग्राफी जांच, मुख कैंसर की ब्रश साइटोलॉजी जांच, बच्चेदानी के मुंह (सर्वाइकल) कैंसर की पेप स्मीयर जांच के साथ-साथ बीपी, शुगर एवं बीएमआई की भी निःशुल्क जांच की जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सक जांच के बाद आवश्यक परामर्श भी देंगे।

स्वास्थ्य विभाग की आमजन से अपील

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को स्तन में गांठ, मुँह में घाव या बदलाव, आवाज में भारीपन, लगातार खांसी, निगलने में कठिनाई, लंबे समय तक ठीक न होने वाले घाव, बार-बार बुखार या संक्रमण, खून की कमी, त्वचा में बदलाव, बिना कारण वजन घटना, मल-मूत्र की आदतों में बदलाव, मासिक धर्म चक्र में असामान्यता या पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द जैसी समस्याएं हैं, तो उन्हें इसे नजरअंदाज न करते हुए शिविर में पहुंचकर अपनी जांच अवश्य करानी चाहिए। ऐसे लक्षण कई प्रकार के कैंसर या अन्य गंभीर बीमारियों के संकेत हो सकते हैं, जिनकी समय पर पहचान से प्रभावी उपचार संभव है। जिला स्वास्थ्य समिति ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मो. जावेद जाफर मारीकर (मो. 800178600) एवं डीपीएचएन श्रीमती सीमा बरेठ (मो. 8827077323) से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *