घर घुसकर युवक से मारपीट और अपहरण करने के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार,कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

Samna.in.Raigarh दीपावली की रात पटाखा फोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक के घर में घुसकर मारपीट करने तथा जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी दीप अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी मारपीट शामिल था और घटना का वीडियो बनाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वीडियो बनाने में प्रयुक्त ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है, वहीं प्रकरण के अन्य आरोपी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल एवं लक्ष्य शुक्ला की तलाश की जा रही है।
मामले में प्रार्थी एवं आहत निमिश अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 08 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां पटाखे फोड़ रहे हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला एवं अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल एवं अरुण शर्मा ने कॉलर पकड़कर हाथ-मुक्के और थप्पड़ से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने कड़े से वार कर चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।
अगले दिन 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे जब निमिश अग्रवाल अपने घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला एवं दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे और जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया और बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास सड़क पर ले जाकर फिर मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो हनी अग्रवाल द्वारा बनाया गया और बाद में युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसप शशि मोहन के दिशा निर्देशन पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध गैर जमानतीय धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 660/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 333 + 140(3), 3(5) बीएनएस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान फरार आरोपी दीप अग्रवाल पिता रविन्द्र अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर गली नंबर 03, कोतरारोड़, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया जिससे ओप्पो कंपनी का मोबाइल विधिवत जब्त किया गया है। आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल एवं लक्ष्य शुक्ला की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
