November 22, 2026

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

IMG-20261122-WA0869

Samna.in शादी का प्रलोभन देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से मुकरने और जान से मारकर फेंक देने की धमकी देने वाले आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटु (22 वर्ष) निवासी थाना खरसिया क्षेत्र को महिला थाना रायगढ़ की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

20 वर्षीय युवती ने महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह आरोपी सागर पटेल को काफी पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उसे पसंद करने और शादी करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद युवती भी उसे पसंद करने लगी। युवती ने जब परिजनों द्वारा इस रिश्ते पर सहमति नहीं देने की बात आरोपी को बताई, तब दिनांक 7 सितंबर की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए

अगले दिन शादी करने की बात कहकर उसे ट्रेन से बिलासपुर ले गया, जहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर पर रहने लगी। मामले की जानकारी युवती के परिजनों को होने पर उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने के लिए आरोपी से बातचीत की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करने लगा। बाद में आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार करते हुए अधिक दबाव बनाने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी।

युवती की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 69, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खरसिया रवाना किया गया। टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर महिला थाना की टीम ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने तथा पीड़िता को धमकाने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिला संबंधी अपराधों में पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।”*

Advertisement Carousel