छत्तीसगढ़ में HMPV का पहला मामला आया सामने,3 वर्षीय बच्चा संक्रमित

0
Screenshot_20250131_161726_Chrome.jpg

सामना – छत्तीसगढ़ में HMPV का पहला मामला सामने आया है,जहां कोरबा जिले  में तीन वर्षीय बच्चे में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) की पुष्टि हुई है। बच्चा 27 जनवरी से बिलासपुर के अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। बच्चे का इलाज जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि बच्चे में एचएमपीवी की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर और कोरबा जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बच्चे को बेहतर इलाज के लिए एम्स, रायपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।

बच्चे को सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत थी। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उसे 27 जनवरी को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया।बच्चे के ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस से संक्रमित होने की आशंका से जांच के लिए उसका सैंपल रायपुर के एम्स में भेजा गया था। एम्स से प्राप्त रिपोर्ट में बच्चे को एचएमपीवी से संक्रमित पाया गया है। संक्रमित बच्चे को अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों से अलग कर आईसीयू में रखा गया है, जहां शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है।

बच्चे की हालत में कोई विशेष सुधार नहीं देखा गया है। उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स, रायपुर भेजने पर विचार किया जा रहा है।

एचएमपीवी से संक्रमित पहला मामला मिलने के बाद बिलासपुर जिले में भी अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कोरबा जिले के सीएमएचओ भी क्षेत्र में सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित लोगों का सर्वे करा रहे हैं। पीड़ित बच्चे के परिवार के तीन अन्य बच्चों को भी निगरानी में रखा गया है लेकिन उनमें से किसी में भी संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *