November 23, 2026

लंबे समय से काम बंद रखने वाले ठेकेदारों को जारी होगा नोटिस, कलेक्टर ने दिए निर्देश

IMG-20260909-WA1067

Samna.in.Raigarh रायगढ़ जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों को गति देने और हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष मयंक चतुर्वेदी ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने समूह नल-जल योजनाओं के लंबित कार्यों की भी समीक्षा की और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने पर विशेष जोर दिया


बैठक में कलेक्टर ने लंबे समय से काम बंद रखकर योजनाओं की प्रगति प्रभावित करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मेसर्स प्रीति कंस्ट्रक्शन, बिलासपुर एवं मेसर्स जीतेश्वर साहू, बरमकेला के विरुद्ध संबंधित एसडीएम के माध्यम से नोटिस जारी करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ जिम्मेदारी भी तय की जाए

रायगढ़ को हर घर जल जिला बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा

बैठक में रायगढ़ जिले को हर घर जल जिला बनाने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की अद्यतन प्रगति और मैदानी स्तर पर उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए

अक्टूबर तक 378 योजनाएं पूर्ण करने का लक्ष्य

समीक्षा बैठक में सीआईआरपी के अनुसार अक्टूबर 2026 तक जिले में 378 योजनाओं को पूर्ण करने के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में एसएनए स्पर्श के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया, जल जीवन मिशन के अंतर्गत खंड कार्यालयों में उपलब्ध देयकों तथा उनके भुगतान की कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान एवं जल अर्पण दिवस के आयोजन और एसवीएस योजनाओं के भुगतान के लिए निर्धारित पेमेंट प्रोटोकॉल पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा हुई।

समन्वय और सतत मॉनिटरिंग पर जोर

कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित मानकों और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा, सतत मॉनिटरिंग और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Advertisement Carousel