November 23, 2026

शटर तोड़कर दुकान से राज श्री गुटखा और नगद चोरी करने वाले 2 नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

IMG-20261001-WA0933

Samna.in.Raigarhथाना कोतवाली क्षेत्र में जनरल स्टोर का शटर तोड़कर नकदी एवं गुटखा चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का राजश्री गुटखा एवं ₹1,700 नगद बरामद किया है। आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

27 सितंबर 2026 को प्रार्थी हरिचंद अम्बुवानी निवासी सिंधी कॉलोनी, कच्ची खोली रायगढ़ ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी कालीबाड़ी, सिविल लाइन स्थित दीपक जनरल स्टोर में चोरी हुई है। 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर वह घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर शटर क्षतिग्रस्त मिला। अंदर जाकर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त था तथा गल्ले में रखे नगद रकम और राजश्री गुटखा के 200 पैकेट, कीमत करीब ₹25,000 गायब थे।

 रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में।अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी द्वारा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जेलपारा जूटमिल निवासी विवेकानंद चौहान अपने साथियों के साथ चोरी किए गए राजश्री गुटखा को दुकानदारों को कम कीमत में बेचने की बात कर रहा है।

        सूचना पर कोतवाली पुलिस ने संदेही विवेकानंद चौहान उम्र 24 वर्ष और एक नाबालिग को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात लोहे की रॉड से दुकान के शटर को ऊपर उठाकर अंदर प्रवेश किया तथा सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद दुकान से नकदी एवं राजश्री गुटखा चोरी किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की रकम आपस में बांट ली तथा गुटखा को रेलवे ट्रैक के पास छिपा दिया था। अगले दिन उन्होंने अपने एक अन्य नाबालिग साथी को गुटखा बेचने के लिए एक बोरी दी थी।

         पुलिस ने मामले में विवेकानंद चौहान और दो नाबालिगों को पकड़कर उनकी निशानदेही पर दो छोटी बोरियों में रखा राजश्री गुटखा और ₹1,700 नगद बरामद किया। तीनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड पर भेजा गया है। मामले में विवेचना जारी है।

Advertisement Carousel