November 15, 2026

किरायेदारों की बाइक को आग लगाने वाला सिरफिरा युवक गिरफ्तार,कोतवाली पुलिस ने गैर जमानती धाराओं में भेजा जेल

IMG-20261114-WA1185

Samna.in.Raigarh रायगढ़ शहर के धांगरडीपा क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले किरायेदारों की दो मोटरसाइकिलों को आग लगाकर जलाने तथा मकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहल्ले के ही निवासी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध गैर जमानती धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

 

मामले में प्रार्थी आशीष अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह धांगरडीपा, छोटा पानी टंकी के पास मकान मालिक एस. लकड़ा के मकान में किराये से रहता है,12 नवंबर की रात रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल को अन्य वाहनों के साथ घर के बाहर खड़ी कर सोने चला गया था रात 3:30 बजे पड़ोसी ने सूचना दी कि घर के बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल में आग लग गई है तथा बगल में खड़ी पड़ोसी कामता प्रसाद बरेठ की  मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आ गई है। बाहर आकर देखने पर दोनों मोटरसाइकिलें आग से बुरी तरह जल चुकी थीं। मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर पानी डालकर आग बुझाई गई। घटना के दौरान अज्ञात आरोपी ने मकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे के दो नग उपकरणों को भी तोड़ दिया था।

प्रार्थी द्वारा घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर मोहल्ले का निवासी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू मोटरसाइकिलों में आग लगाते और कैमरे तोड़ते हुए दिखाई दिया।

प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी कोतवाली अजय नागवंशी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी श्रवण उरांव उर्फ भोंदू पिता दशरू राम उरांव, उम्र 22 वर्ष, ने घटना कारित करना स्वीकार किया। प्रार्थी एवं गवाहों ने पुलिस को यह भी बताया कि बीते रक्षाबंधन के समय भी आरोपी द्वारा घर के बाहर खड़ी वाहनों में आग लगाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना कोतवाली में दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

 

Advertisement Carousel

LETEST POSTS