जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि हमारी सरकार का संकल्प-सीएम विष्णु देव साय

जनजातीय समाज का सम्मान और सशक्तिकरण विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला:राज्यसभा सांसद नितिन नवीन
Samna.in.Raigarh मुख्यमंत्री साय रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए, उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, कला और संस्कृति के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मश्री सम्मानित विभूतियों श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय नृत्य पर आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित जनजातीय कला, संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जनजातीय समाज के पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान करने के साथ ही मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण किया। इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान की महान गाथा है। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक आंदोलन खड़ा किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए महान संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश के महान जनजातीय नायकों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में जशपुर तथा वर्ष 2025 में सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया था। सरगुजा में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति रही थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष धरमजयगढ़ में तीसरा भव्य आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की धरती है। यहाँ के 14 महान जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन में अविस्मरणीय योगदान दिया। सोनाखान के शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी से पीड़ित गरीबों तक अनाज पहुँचाने के लिए अन्यायपूर्ण व्यवस्था को चुनौती दी और मातृभूमि तथा जनसेवा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इसी प्रकार वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह सहित अनेक जनजातीय जननायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूँका। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय से नवा रायपुर में निर्मित शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित इस संग्रहालय में छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, उनके ऐतिहासिक संघर्षों और गौरवशाली विरासत का जीवंत चित्रण किया गया है। यह संग्रहालय नई पीढ़ी को अपने महान पूर्वजों के त्याग और बलिदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण केंद्र है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय विकास को नई दिशा, 6,691 गाँवों तक पहुँच रही सुविधाएँ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समाज के कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के माध्यम से भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज को केवल विकास योजनाओं का लाभार्थी नहीं बनाया, बल्कि देश और राज्यों के नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण स्थान दिया है। आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु विराजमान हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी जनजातीय समाज से आने वाले सामान्य परिवारों के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। यह पूरे जनजातीय समाज के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लगभग 40 प्रतिशत लाभ जनजातीय समाज को प्राप्त हो रहा है।
जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए अखरा एवं देवगुड़ी विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। अखरा विकास के प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पारंपरिक पदाधिकारियों की वार्षिक सम्मान राशि 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये की गई है। इसी प्रकार बैगा समुदाय के पात्र पारंपरिक पदाधिकारियों को भी प्रतिवर्ष 5,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जा रही है।
जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत,संस्कृति और परंपराओं को मिला सम्मान: नितिन नवीन
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरती है। उनकी हार्दिक इच्छा इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण यात्रा की अनुमति नहीं मिल पाने से वे उपस्थित नहीं हो सके। श्री नवीन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री साय सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह ने पूरे छत्तीसगढ़ में गौरव और आत्मसम्मान का वातावरण निर्मित किया है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। जनजातीय समाज सदैव भारत की संस्कृति, सभ्यता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।


