November 17, 2026

चांदनी चौक पुल आगामी तीन माह तक रहेगा बंद,कैनाल लिंक रोड अंडरपास निर्माण के लिए वैकल्पिक मार्ग की होगी व्यवस्था

IMG-20261116-WA1005

Samna.in.Raigarh कैनाल लिंक रोड अंडरपास निर्माण कार्य के चलते चांदनी चौक पुल आगामी तीन माह तक आवागमन के लिए बंद रहेगा। इस दौरान नदी के इस पार से उस पार जाने वाले पैदल राहगीरों एवं बाइक चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुल के नीचे की ओर से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाएगी।

वैकल्पिक रास्ते के निर्माण एवं आवागमन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने निर्माण कार्य की प्रगति, पुल के आसपास की स्थिति तथा आवागमन पर पड़ने वाले प्रभावों का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार एवं साइट इंजीनियर को निर्देशित किया कि पुल बंद रहने की अवधि में पैदल राहगीरों एवं दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए पुल के नीचे से सुरक्षित एवं सुविधाजनक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए। उन्होंने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था को प्राथमिकता से पूरा करने तथा निर्माण स्थल पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निरीक्षण के दौरान आसपास के क्षेत्र के रहवासियों एवं लोगों से चर्चा कर निर्माण कार्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराया जा रहा है। कार्य के दौरान कुछ समय के लिए आवागमन में असुविधा हो सकती है, लेकिन इसके पूर्ण होने के बाद नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की।

कैनाल लिंक रोड से जुड़ेगा मरीन ड्राइव,आगे ओडिशा रोड हाईवे तक सीधी कनेक्टिविटी की योजना

कैनाल लिंक रोड शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजना है। इसके तहत जोगीडीपा चौक से चांदनी चौक होते हुए सड़क मरीन ड्राइव तक पहुंचेगी। इसके आगे मरीन ड्राइव से सीधे उड़ीसा रोड हाईवे तक सड़क जोड़ने की भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

इस कनेक्टिविटी के विकसित होने से शहर की आंतरिक एवं बाहरी यातायात व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। रायगढ़ आने वाले तथा रायगढ़ से होकर दूसरे शहरों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एक हाईवे से दूसरे हाईवे तक पहुंचने के लिए शहर के भीतरी हिस्सों से गुजरने की आवश्यकता कम होगी। इससे यात्रा की दूरी एवं समय में बचत होगी, साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम करने में मदद मिलेगी।

Advertisement Carousel