रायगढ़ में अनूठी पहल,विवाह से पहले सिकल सेल जांच का संदेश घर-घर पहुंचा रहे पंडित

8 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग,1464 मरीजों की पहचान कर दी जा रही दवा
Samna.in.Raigarh सिकल सेल रोग की रोकथाम और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ रखने के लिए रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में समाज के लोगों को जागरूक करने के लिए विवाह संबंधी परामर्श देने वाले पंडितों एवं पुरोहितों को भी जोड़ा गया है। अब वे विवाह के लिए कुंडली मिलान के साथ वर-वधू को सिकल सेल जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श लेने का संदेश भी दे रहे हैं। इस पहल से विवाह पूर्व स्वास्थ्य जांच के महत्व को परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है
राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत जिले में जांच और उपचार का कार्य लगातार किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में समय-समय पर जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में 7 लाख 82 हजार 127 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया था, जिसके विरुद्ध 15 नवंबर 2026 तक 8 लाख 3 हजार 726 लोगों की जांच की जा चुकी है। इस तरह जिले ने 103 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। जांच में 1,464 सिकल सेल मरीजों की पहचान हुई है और इन सभी को हाइड्रोक्सीयूरिया दवा दी जा रही है। वहीं, 16 हजार 966 लोग सिकल सेल वाहक के रूप में चिह्नित किए गए हैं।
विवाह पूर्व जांच और आनुवंशिक परामर्श का दे रहे संदेश
स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व में आयोजित जागरूकता बैठक में कुंडली मिलान करने वाले पंडितों एवं पुरोहितों को सिकल सेल रोग, इसकी जांच और आनुवंशिक परामर्श के महत्व की जानकारी दी गई थी। उन्हें बताया गया कि विवाह तय करने से पहले वर-वधू दोनों की सिकल सेल जांच कराना जरूरी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लेने से भविष्य में संतान के स्वास्थ्य से जुड़े जोखिमों को समझने और उचित निर्णय लेने में मदद मिलती है। जागरूकता कार्यक्रम में पंडितों एवं पुरोहितों को जेनेटिक कार्ड के महत्व के बारे में भी बताया गया। उनसे कहा गया कि वर-वधू के जेनेटिक कार्ड को गोपनीयता और सम्मान के साथ देखा जाए। सिकल सेल रोग या वाहक होने की स्थिति को लेकर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। किसी भी तरह की शंका होने पर संबंधित व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या काउंसलर से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
बीमारी की पहचान के लिए समय पर जांच कराना जरूरी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सिकल सेल एक आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारी है, जो माता-पिता से बच्चों में आ सकती है। इस बीमारी में शरीर की लाल रक्त कोशिकाओं का आकार सामान्य गोल न होकर हंसिया जैसा हो जाता है। इससे रक्त प्रवाह प्रभावित होता है और शरीर के विभिन्न अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी के प्रमुख लक्षणों में थकान, कमजोरी, हाथ-पैरों एवं जोड़ों में दर्द, बार-बार संक्रमण होना तथा आंखों और त्वचा में पीलापन शामिल हैं। बीमारी की पहचान के लिए समय पर जांच कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत लोगों की स्क्रीनिंग कर बीमारी की पहचान, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।


