रायगढ़ जिले में अब तक 511 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी, 18 नवंबर के लिए 61 किसानों ने कटाया टोकन

Samna.in रायगढ़ जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। अब तक जिले में 100 किसानों से 500 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, 18 नवंबर को धान विक्रय के लिए जिले के 10 उपार्जन केंद्रों में 61 किसानों ने टोकन कटाया है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई है।
किसान गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर 24 घंटे अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे टोकन के लिए सोसायटियों में लंबी कतार लगाने की जरूरत नहीं पड़ती और किसानों के समय एवं श्रम की बचत होती है।
ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में किसानों की जोत के अनुसार टोकन की सुविधा निर्धारित की गई है। दो एकड़ तक के किसानों को एक, दो एकड़ से अधिक और 10 एकड़ तक के किसानों को अधिकतम दो तथा 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन मिल सकते हैं। किसान अपनी सुविधा और उपलब्ध धान की मात्रा के अनुसार टोकन में मात्रा दर्ज कर सकते हैं। यदि किसी टोकन में किसान अपनी पूरी पात्र मात्रा का धान नहीं बेच पाता है, तो शेष पात्रता समाप्त नहीं होगी। वह अगले टोकन में शेष धान का विक्रय कर सकेगा।


