सराईभद्दर में मंदिर की मूर्ति तोड़ने वाला एक आरोपी गिरफ्तार,एक की तलाश जारी

Oplus_131072
Samna.in.Raigarh मंदिर की मूर्ति तोड़े जाने की शिकायत पर जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं एक किशोर को भी अभिरक्षा में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मामले में तीन आरोपियों के विरुद्ध नामजद अपराध दर्ज किया गया है, एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
22 नवंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 34, सराईभद्दर जूटमिल के रहवासियों द्वारा उनके वार्ड की धार्मिक मंदिर की मूर्ति तोड़े जाने की लिखित शिकायत थाना जूटमिल में की गई थी। शिकायत की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी जूटमिल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 734/2026, धारा 298, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जूटमिल पुलिस की टीम द्वारा दबिश दी गई। इस दौरान आरोपी राहुल चौहान पिता लक्ष्मी चौहान,उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया गया तथा एक किशोर को अभिरक्षा में लिया गया। दोनों को नियमानुसार सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। वहीं फरार आरोपी लक्ष्मी चौहान की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


